भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पृथ्वी की भंगुर सतह पर / प्रभात त्रिपाठी

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 03:15, 22 जून 2013 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

हज़ार बरस पहले के तारे को
देख रहे हैं हम अभी
खिलखिलाती किसी मुक्ता की हँसी में
इस पेड़ के नीचे

हज़ार बरस बाद
औरत के रसोईघर
बेटे की नींद के समय में
हम पाते हैं
अपनी प्रार्थना का एकान्त

वृक्ष के विनम्र मौन में
गढ़ते अपने आकार की तुच्छताएँ
हम खड़े हैं
विस्फोटों की ढूह पर
निर्विकार शान्त

लपलपाती घृणा से बेख़बर
हम अपनी माँद में
खोज रहे हैं
अपना पूजाघर
हज़ार बरस पहले

हज़ार बरस पहले
पृथ्वी की भंगुर सतह पर
हम खिलाते हैं फूल
कमल के !