भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"प्रकृति का हर रंग माँ पहचानती है /जय कृष्ण राय तुषार" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
('<poem>शीत का मौसम ठिठुरती काँपती है | बड़े होने तक - हमें ...' के साथ नया पन्ना बनाया)
 
(कोई अंतर नहीं)

10:57, 7 फ़रवरी 2012 के समय का अवतरण

शीत का मौसम
ठिठुरती काँपती है |
बड़े होने तक -
हमें माँ ढांपती है |

हरा है स्वेटर मगर
मैरून बुनती है ,
नज़र धुँधली है मगर
माँ कहाँ सुनती है ,
कभी कंधे तो -
कभी कद नापती है |

रात -दिन बिखरा हुआ
माँ घर सजाती है ,
बाद्य यंत्रों के बिना
निर्गुण सुनाती है ,
पढ़ नहीं सकती
कथाएं बाँचती है |

जानती रस्में -
प्रथाएं जानती है ,
प्रकृति का हर रंग
माँ पहचानती है ,
सीढियाँ चढ़ते -
उतरते हाँफती है |


पिता कम्बल और
हम हैं शाल ओढ़े ,
भाग्य में उसके
अँगीठी और मोढ़े ,
माँ हमारा मन
परखती -जाँचती है |

एक चिड़िया की तरह
माँ घोंसला बुनती ,
वह हमारा सुर सुगम -
संगीत सा सुनती ,
उत्सवों में संग
बहू के नाचती है |