भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मुक्ति की कामना / इंदुशेखर तत्पुरुष

Kavita Kosh से
आशिष पुरोहित (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:03, 3 दिसम्बर 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=इंदुशेखर तत्पुरुष |अनुवादक= |संग्...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कितनी जगहों पर
कितनी यात्राएं कर चुका अब तक
कहां रहा याद !

हर नई जगह एक नया लोक
हर नया संबंध एक पुनर्जन्म की तरह
एक ही जीवन में जैसे देख लिए
अनेक जन्मान्तर।
देशान्तरों के मध्य दौड़ते-भागते
हांफने लगे हैं प्राण।

ढोते-ढोते
बाहरी छापों और खरोंचों को
निढाल हो चली आत्मा
करने लगती है मुक्ति की कामना।