भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मेघ की ज्यों / रेनू द्विवेदी

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:35, 16 फ़रवरी 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रेनू द्विवेदी |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मेघ की ज्यों धरा से मुलाकात है।
तृप्ति की हर तरफ सिर्फ़ बरसात है।

फूल भी खिल उठे मुस्कुराने लगे।
खग-विहग प्रेम के गीत गाने लगे।
खुशबुओं से नहाई हुई प्रात है।
तृप्ति की---

पंखुड़ी पर तो शबनम के मोती धरे।
हर कली पर भ्रमर राग गुंजन करे।
चाहतों की सजी एक बारात है।
तृप्ति की---

मोर के पाँव में कैसी थिरकन भरी।
हो मयूरी गयी प्रेम की रसभरी।
अनकही-सी लबों पर दबी बात है।
तृप्ति की---

पेड़ पौधे लगे मस्त हो झूमने।
मेघ पर्वत का मस्तक लगे चूमने।
सृष्टि भी ज्यों नहाकर हुई गात है।
तृप्ति की---

मेघ के बीच चपला चपल दामिनी।
नृत्य करने लगी यह धरा कामिनी।
ये तो' सावन की महकी हुई रात है।
तृप्ति की---