भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

शायद कोई गीत बने / शशि पाधा

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:07, 29 नवम्बर 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शशि पाधा |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatKavita}} ...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मोरपंखी कल्पनाएँ
ओस भीगी भावनाएँ
अक्षर अक्षर बरस रहे हैं
शायद कोई गीत बने।

लहरें छेड़ें सुर संगीत
माँझी ढूँढे मन का मीत
नील मणि सी रात निहारे
चंदा की अँखियों में प्रीत

तारक मोती झलक रहे हैं
शायद कोई गीत बने।

वायु के पंखों में सिहरन
डार-डार पायल की रुनझुन ,
भंवरे छेड़ें सुर संगीत
कलिकाएँ खोलें अवगुंठन ,

मधुपूरित घट छलक रहे हैं
शायद कोई गीत बने।

दो नयनों से पी ली मैंने
तेरे अधरों की मुसकान
धीमे-धीमे श्वासों ने की
तेरी खुशबू से पहचान ,

पलकों में सुख स्वपन सजे हैं
शायद कोई गीत बनें।