भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

हार गई निठुराई / रमेश रंजक

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:33, 14 अगस्त 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रमेश रंजक |अनुवादक= |संग्रह=किरण क...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

फिर पगली बदली घिर आई
परसे परदेसिन पुरवा के स्मृति स्नेह-लता लहराई

बाती जली दर्द-दंशन की
साँस-साँझ सिमटी जीवन की
शिथिल हुए स्वर आमन्त्रण के
दिन विहँसे धुँधले दर्पण के
मेरी परवशता से परिचित, पपीहा ने आवाज़ लगाई

प्यासे नैन छलकते पानी
अधर न कहते राम कहानी
बूँद अगर अँगिया न भिगोती
पलक न हीरक हार पिरोती
मुझ से हार गए सावन-घन, तुमसे हार गई निठुराई

ये मौसम पाहुना, बटोही !
सुधि के पंख पसार निर्मोही ! !
कब तक थामूँ धीरज-धागा
यह दिन भी ढल गया अभागा
मेरी नींद पतंग हो गई क्यों कर इतनी डोर बढ़ाई ?