भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कैलेण्डर पर मुस्कुराती हुई लड़की / प्रदीप जिलवाने

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:44, 15 मई 2010 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रदीप जिलवाने |संग्रह= }} {{KKCatKavita}} <poem> मैंने देखा उस…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मैंने देखा उसकी आँखों में एक अजीब-सी गमक है
आधुनिक बाज़ार की चकाचौंध से उपजी हुई।
एक शहरी चुनौती है
जो उसकी अधखुली देह से दमक रही है
और लगभग पारदर्शी कपड़ों से
छन कर पसर रही है पूरी दीवार पर।

कैलेण्डर पर मुस्कुराती हुई लड़की
अपनी देह की सुंदरता के दर्प में नहीं मुस्कुरा रही है
और ना ही इस आशय से कि
इस तरह वह कोई यौनिक तृप्ति या सुख पा रही है।

कैलेण्डर पर मुस्कुराती हुई लड़की
की मुस्कुराहट के रहस्य
इतने सीधे-सरल भी नहीं हो सकते
या उसे इतने साधारण अर्थों में नहीं लिया जा सकता
कि-‘वह अपनी इस मुस्कुराहट की
बाकायदा तय कीमत पा रही है।’
इतने फीके या स्वादहीन भी नहीं हो सकते
इस मुस्कुराहट के रहस्य

कैलेण्डर पर मुस्कुराती हुई लड़की
मुस्कुरा रही है और मुस्कराते हुए उसके होंठों पर
एक किस्म का आमंत्रण है
और यह आमंत्रण
उसकी देह में समाने का नहीं
उसकी देह पर चुपड़े ‘प्रोडक्ट’ तक जाने का है।