भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

गा रही हैं नम हवाएँ / कुमार रवींद्र

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:26, 30 अक्टूबर 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=आ...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

गा रही हैं नम हवाएँ
और ये ऊदी घटाएँ
           राग बरखा का
 
दिन सलोने
और ये भीगी हुई पगडंडियाँ हैं
दूर तक दिखतीं नहाई मेंह-जल में
घाटियाँ हैं
 
पेड़ भीगे बाँचते हैं
नेह की मीठी कथाएँ -
          राग बरखा का
 
धूप निकली बस ज़रा सी
पत्तियों में छिप रही है
आँख में इच्छाएँ काँपीं
हवा कुछ ऐसी बही है
 
बिजुरियों के गान से हैं
रात भर गूँजीं गुफाएँ
          राग बरखा का
 
सृष्टि का पहला अछूता
जन्मदिन यह
और हम-तुम
उधर पर्वत दिख रहा था
वह अचानक हो गया गुम
 
टेरती है बादलों को
देह की सारी शिराएँ
         राग बरखा का