भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दोहा सप्तक-67 / रंजना वर्मा

Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 04:06, 14 जून 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रंजना वर्मा |अनुवादक= |संग्रह=दोह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

चलने को हो सत्य पथ, सिर पर प्रभु का हाथ।
अनाचार से हो न भय, सृजन शक्ति दे साथ।।

हों न नयन देखें जिन्हें, सपने चकनाचूर।
कभी किसी भी हाल में, कलम न हो मजबूर।।

पानी से भर गागरी, ले आयी बरसात।
छलक छलक गिरती रही, भू पर सारी रात।।

झोंका शीतल पवन का, सुन पड़ता घन नाद।
नभ में बादल फिर दिखे, बहुत दिनों के बाद।।

अब सूरज भी थक चला, बरसा कर अंगार।
तन मन शीतल कर गयी, बरखा की बौछार।।

बदली में चंदा दिखा, नाचा चतुर चकोर।
नीलकण्ठ फिर उड़ चला, दूर क्षितिज की ओर।।

मेघ गगन में घिर रहे, नाचे मत्त मयूर।
बिना दिये बरखा तरल, अब मत जाना दूर।।