भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

श्याम यमुना तट आ जाना / साँझ सुरमयी / रंजना वर्मा

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 00:23, 11 मई 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रंजना वर्मा |अनुवादक= |संग्रह=साँ...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

श्याम यमुना तट आ जाना।
बाँसुरी मधुर बजा जाना॥

भानुजा के जल सा काला
रूप तेरा है मतवाला।
अलक हैं घुंघराली प्यारी
मोर का पंख शीश आला।

सुघर सूरत दिखला जाना।
श्याम यमुना तट आ जाना॥

चपल नैना चंचल प्यारे
लुभा लेते मन रतनारे।
चन्द्र मुख घेर रहीं अलकें
अनोखी छवि मोहक धारे।

बिम्ब अधरों से मुसकाना।
श्याम यमुना तट आ जाना॥

बसा गिरिधर है चाहों में
नयन बिछ जाते राहों में।
न जाने पल वह कब आये
सिमट जाये जग बाहों में।

मिलन की आस बंधा जाना।
श्याम यमुना तट आ जाना॥