भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सात जनम भी कम लगते हैं / एक बूँद हम / मनोज जैन 'मधुर'

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:37, 29 जनवरी 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=मनोज जैन 'मधुर' |अनुवादक= |संग्रह=ए...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

अकुलाता है प्राण पेखेरू
बैठा तन की जेल में
जीना दूभर हुआ हमारा
मॅंहगाई के खेल में

चिन्ताग्रस्त रसोई अपनी
किससे दर्द कहें
चूल्हा बेबस चक्की गुमसुम
पीड़ा रोज सहें
डूब रही है रोज दिहाड़ी
एक पतीली तेल में

मन झरिया का हुआ
कड़ाही से बतियाने का
चढ़ते भावों ने बदला है
स्वाद जमाने का
छोंक लगाना मजबूरी है
अब तो रोज डढ़ेल में
नाता-रिश्ता मिलना जुलना
सब कुछ छूट रहा
नए दौर में आम आदमी
कितना टूट रहा?
सात जनम भी कम लगते हैं
अपनेपन के मेल में