भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आज हम धूप खाने आए हैं / देवी नागरानी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बारिशों में बहुत नहाए हैं
आज हम धूप खाने आए हैं|

अश्क जिनके लिये बहाए हैं
आज वो खु़द ही मिलने आए हैं|

लेके मां की दुआ मैं निकली हूं
दूर तक रास्तों में साए हैं|

घिर गई हूं न जाने किनके बीच
लोग अपने लगे पराए हैं|

दिल की बाज़ी लगाई है अक्सर
गो कि हर बार मात खाए हैं|

हौसले देखिये हमारे भी
आंधियों में दिये जलाए हैं|

मुस्कराकर भी देखिये ‘देवी’
अश्क तो उम्र भर बहाए हैं|