भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आदमी को बनाओ / द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

न मंदिर बनाओ, न मस्जिद बनाओ
बनाना है तो आदमी को बनाओ।

गया बन अगर आदमी ही सही तो
वही होगा हर एक मंदिर हमारा;
वही होगा मस्जिद, वही होगा गुरुदुआरा।
बनेंगे असंख्यों यों पूजा के घर ये
इन्हीं को सँवारो इन्हीं को सजाओ॥1॥

इन्हीं की करो अर्चना-वन्दनाएँ
इन्हीं की करो प्रार्थनाएँ-दुआएँ;
इन्हीं के करो पाठ गुरुवाणियों के
इन्हीं के लिए सामवेदी ऋचाएँ।
इन्हीं की करो आरती थाल भर-भ्र
इन्हीं को नई ज्योति से जगमगाओ॥2॥

न मंदिर, न मस्जिद, न ये गुरुदुआरे
रहे आज पूजा के घर हैं हमारे;
बने स्वार्थ के और सत्ता के साधन
बने राजनीतिक अखाड़े हैं सारे।
अतः अब न इनको बनाने की सोचो
बनाना है तो आदमी को बनाओ॥3॥

8.4.92