भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

उतर गया मौसम / रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मन की हर गली में
उतर गया मौसम
खुशबू का इक दरिया
भर गया मौसम।

पात टूटे,लोग रूठे
पड़ गए सब कौल झूठे
सुरभि चुपचाप द्वारे
धर गया मौसम।

उतर आईं नील नभ से
रोम सहलाती हवाएँ
तपोवन में दूर जैसे
तैरती रह-रह ऋचाएँ ।

विहंगों के गूँजते स्वर
हर एक तरुवर को मुखर
कर गया मौसम।
-0-(9 मार्च 1989)