भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

एक रात इतनी रातों में / रामकुमार कृषक

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

हिन्दी शब्दों के अर्थ उपलब्ध हैं। शब्द पर डबल क्लिक करें। अन्य शब्दों पर कार्य जारी है।

एक रात इतनी रातों में
दीपावली हुई,
कोई चाल स्यात
अन्धियारे की यह चली हुई !

किसने पूरी - गन्ध परोसी
रोटी खिजलाई
डिब्बाबन्द कुनैन
मिठाई लेकर घर आई,

और संग बेमतलब बासी
बातें तली हुई !

किनके फटे कलेजे रातों
आँखें निकल उड़ीं
गोदरेज - गोदामों किनकी
खुशियाँ बन्द पड़ीं,

जिनकी लछमी उनकी मैया
कैसे भली हुई !

कैसे बिजली - बलब जले
सुलगी संझा - बाती
ये कैसी बारूद
पटाखे बनकर भरमाती,

किनके उजियालों की खातिर
बस्ती जली हुई !