भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

नदी बहुत दूर है / कुमार रवींद्र

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

राजा ने बनवाये घाट नये
                    नदी बहुत दूर है
                 राजा फिर क्या करे
 
पान-फूल
राजा के बाग में
रानी के भाग में
बाकी सब खेत-पात
जलते हैं आग में
 
राक्षस जल पी गया
                   किस्सा मशहूर है
               राजा फिर क्या करे
 
कानी गौरैया ने
बूंद-बूंद पानी की
चोरी की
परियों के टापू पर
आह बसी गोरी की
 
अंधे हैं कुएँ
               और पनघट मजबूर हैं
               राजा फिर क्या करे