भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

बदल गये हम / सुरेश कुमार शुक्ल 'संदेश'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

इतने आगे निकल गये हम।
मानवता को कुचल गये हम।

डरी हुईं कुलदीपशिखाएँ,
भ्रणों को ही निगल गये हम।

ज्वारिल इतनी हुईं कामना,
पटरी से ही फिसल गये हम।

बढती रही सफेदी अपनी,
जबकि घूँटते गरल गये हम।

सोच रहे क्या थे क्या हैं अब?
इतना कैसे बदल गये हम?

मुहर चाँदनी लगा रही है
सत्यापित हो असल गये हम।

घोर संकटों ने धकियाया,
गिरते-गिरते सम्हल गये हम।

पग-पग पर अवरोध खडे़ हैं-
फिर भी होते सफल गये हम।