भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
मेरे सपने ही सुख हैं / रामगोपाल 'रुद्र'
Kavita Kosh से
हिन्दी शब्दों के अर्थ उपलब्ध हैं। शब्द पर डबल क्लिक करें। अन्य शब्दों पर कार्य जारी है।
मेरे सपने ही सुख हैं, सोने दे, साथी!
दिन में, जग की चंचलता में, भूल गया पथ अपना,
मन की मधुर सफलता बन कर आया है यह सपना;
दो पल तो मन की थकान खोने दे, साथी!
रात कटी आँखों में; जब हो चला सवेरा
सपना बन आया है, मेरे अरमानों का फेरा;
यह सपना मत छीन, लीन होने दे, साथी!
दो छिन को यह भी आया है, मुश्किल से आया है;
बस, दो छिन को, मीत! उमंगों की दुनिया लाया है;
दो छिन तो इसके उर में रोने दे, साथी!