भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

एक टीका हो भाल होली में / रंजना वर्मा

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

एक टीका हो भाल होली में
प्यार का हो गुलाल होली में

सांवरे कुञ्ज गली में आ जा
गाल कर दूंगी लाल होली में

दुश्मनी भूल कर गले मिलना
करना ये भी कमाल होली में

रोज़ संयम सहेजते रहना
आज कर लो धमाल होली में

भले गुझिया न पापड़ी देना
प्यार रखना बहाल होली में

देखना कोई न बचने पाये
रंग देना यूँ डाल होली में

दिल किसी का न दुखी कर देना
करना सब को निहाल होली में