Last modified on 22 जून 2018, at 13:14

प्यार का हो गुलाल होली में / रंजना वर्मा

प्यार का हो गुलाल होली में।
एक टीका हो भाल होली में॥

साँवरे कुंज गली में आना
गाल कर दूँगी लाल होली में॥

दुश्मनी भूल कर गले मिलना
ये भी करना कमाल होली में॥

रोज संयम सहेजते रहना
आज कर लो धमाल होली में॥

भले गुझिया न पापड़ी देना
प्यार रखना बहाल होली में॥

देखना कोई न बचने पाये
रंग देना यूँ डाल होली में॥

दिल किसी का दुखी न कर देना
सबको करना निहाल होली में॥

लोग मौक़ा तलाशते रहते
खुद को रखना सँभाल होली में॥

प्यार के रंग में रँगे दुनियाँ
ऐसी रखना मिसाल होली में॥