भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

साँवरी सुरतिया तोरी बावरा बनाए ! / कांतिमोहन 'सोज़'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

साँवरी सुरतिया तोरी बावरा बनाए !
सामने न आए श्याम चित्त से न जाए
साँवरी सुरतिया तोरी बावरा बनाए ।।

खीझे न खिझाए श्याम
रीझे न रिझाए
ऐसे निरमोहिया से
पार न बसाए !
साँवरी सुरतिया तोरी बावरा बनाए ।।

नैनों में बसा है श्याम
दूसरा न भाए
नींद भी न आए मोहे
चैन भी न आए !
साँवरी सुरतिया तोरी बावरा बनाए ।।

काहे को सताए श्याम
काहे को रुलाए
मोह-मुदित अंगना को
अंग ना लगाए !
साँवरी सुरतिया तोरी बावरा बनाए ।।