भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

चार पदों का गीत हमारा / कुमार रवींद्र

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:34, 23 अक्टूबर 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=र...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बाँचो साधो !
चार पदों का
साँसों का यह गीत हमारा
 
पहले पद में
हँसता हुआ एक बच्चा है
एक गली का घर
उसका आँगन कच्चा है
 
छाँव नीम की
उसके नीचे
हम जा पाते, काश, दुबारा
 
दूजे में कनखी का जादू
वृन्दावन है
गाता मन है
साँस-साँस में अपनापन है
 
धूप-छाँव में
सपनों के किस्से
और नदी का शोख किनारा
 
तीजे पद में भटकन
साँसों की उलझन है
किसिम की इच्छाएँ हैं
और थकन है
 
नदी नेह की
जो बहती थी
उसका जल भी होता खारा
 
झरते पत्ते - ठूँठ वृक्ष हैं
चौथे पद में
सारी ही धरती लगती है
पड़ी विपद में
 
धुँधले
आसमान में दिखता
हर कोने में ढला सितारा