भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

एक किरन / श्रीप्रसाद

Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:26, 20 फ़रवरी 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=श्रीप्रसाद |अनुवादक= |संग्रह=मेरी...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

रेशम जैसी हँसती खिलती
नभ से आई एक किरन
फूल-फूल को मीठी-मीठी
खुशियाँ लाई एक किरन

पड़ी ओस की थीं कुछ बूँदें
झिलमिल-झिलमिल पत्तों पर
उनमें जाकर, दिया जलाकर
ज्यों मुसकाई एक किरन

लाल-लाल थाली-सा सूरज
उठकर आया पूरब में
फिर सोने के तारों जैसी
नभ में छाई एक किरन

सूरज लाल, बना फिर पीला
ढेरों किरनें फूट पड़ीं
लेकिन इन सबके भी पहले
जगमग आई एक किरन

एक किरन से बदल गया जग
चिड़ियाँ गातीं गीत चलीं
हवा चली, हिल उठे पेड़ सब
सबको भाई एक किरन

सूरज आया दिन मुसकाया
जागी दुनिया, भोर हुआ
नया-नया मन, ताजा जीवन
सबको लाई एक किरन।