भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

प्यासा ही रहा मन / योगेन्द्र दत्त शर्मा

Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 13:32, 15 मार्च 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=योगेन्द्र दत्त शर्मा |अनुवादक= |स...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सूखे में अकुलाया
डूब गया बाढ़ में
प्यासा ही रहा मगर
मन तो आषाढ़ में!

मेघों की उमड़-घुमड़
बिजली का कौंधना
याचक-सी आंखों को
लूओं का रौंदना

बालू की किरकिर ने
दर्द किया दाढ़ में!

प्यासाकुल आंगन में
बूंदों का कांपना
रेती पर रेंगती
मछलियों का हांफना

चटक गया कंठ, टीस
उठी हाड़-हाड़ में!

भीगे अहसासों का
इंद्रधनुष टूटना
धूसर आकृतियों से
रंगों का छूटना

तरसा मन, बरसा घन
रूखे झंखाड़ में!