Last modified on 20 मार्च 2017, at 13:52

मुझको एकाकी गाने दो / तरुण

Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 13:52, 20 मार्च 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामेश्वर खंडेलवाल 'तरुण' |अनुवादक...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

मुझको एकाकी गाने दो!
गाऊँ भी मैं, और सुनूं भी; छिन अपने में खो जाने दो!
मुझको एकाकी गाने दो!

नयनों में भर रस से गीले,
गत सुधियों के चित्र सजीले-
मँदरे-मँदरे स्वर में मुझको गाते-गाते सो जाने दो!
मुझको एकाकी गाने दो!

इस निर्जन झरने के तट पर,
आने दो यह बंसी का स्वर!
नवमी के चन्दा को मेरे मन की मलमल धो जाने दो!
मुझको एकाकी गाने दो!

एक बार बस ऐसा गा लूँ-
अपने को अपने में पा लूँ!
युग-युग से बिछुड़े तन-मन का साथ पलक-दो हो जाने दो!
मुझको एकाकी गाने दो।

1955