भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

धरती की छाती पर / रामकुमार कृषक

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:38, 8 जुलाई 2022 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामकुमार कृषक |अनुवादक= |संग्रह=स...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

धरती की छाती पर
अन्धकार कल भी था
आज भी घना,
भीत भोर
उजियारा मौन अनमना !

क्षितिजों से
जितने भी सूर्य उगे
क्षितिजों पर
भस्म हो गए
सिर्फ एक अँजुरि-भर
रस्म बो गए,

सेतुबन्ध तैरा जो / टूट कब बना !

उज्ज्वलतम
जितने भी पृष्ठ खुले
स्याही
इतिहास बन गई
एकाधिक मिथ्या
सायास जन गई,

नंग-मूढ़ आदम ने / ज्ञान क्या चुना !

08 अप्रैल 1974