भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

घटा / इसाक अश्क

Kavita Kosh से
सम्यक (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:32, 10 दिसम्बर 2006 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

लेखक: इसाक अश्क

~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*

दो शब्द चित्र

(एक)

बारिशों के पल
नया
जादू जगाते हैं।

तितलियां
लेकर उड़ीं-
संयम हवाओं में,

खिंच गए
सौ-सौ धनुष-
दृष्टि, दिशाओं में,

जुगनुओं से
याद के
खण्डहर सजाते हैं।

गंध बनकर
डोलती-
काया गुलाबों की,
पंक्तियां
जीवित हुई-
जैसे किताबों की,

गाछ-भी
यह देखकर
ताली बजाते हैं।

(दो)

रंग
खुशबू-घटा
क्या नहीं आजकल।
रैलियां
जुगनुओं की-
निकलने लगीं,
हर दिशा
वस्त्र अपने-
बदलने लगीं,

सूर
उलझी जटा
क्या नहीं आजकल।

द्वार तक हिम-हवा-
थरथराते हुए,
आ-गयी
गीत-गोविन्द-
गाते हुए,

छंद
धनुयी छटा
क्या नहीं आजकल।