भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

हो सारा संसार बराबर / रणजीत

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:38, 28 जून 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रणजीत }} {{KKCatKavita}} <poem> कर दो सबको यार बर...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कर दो सबको यार बराबर !
हो सारा संसार बराबर !

मालिक और मजूर बराबर
बाम्हन और चमार बराबर !

एक एक को दस-दस बँगले
यह अन्याय अपार बराबर !

रोटी कपड़ा घर इलाज पर
सबका हो अधिकार बराबर !

पाँच उँगलियाँ नहीं एक-सी
बात तुम्हारी यार बराबर !

दुगुनी नहीं पर कोई उँगली
यह अंतर स्वीकार बराबर !

धन, धरती पानी बँट जाये
यंत्र, तंत्र, औजार बराबर

उत्पादन के हर साधन पर
श्रमकर का अधिकार बराबर !

कुदरत बराबरी की हामी
उसका है व्यवहार बराबर !

हर प्रजाति के भीतर देखो
रूप, रंग, आकार बराबर !

फूल-फूल तितली -तितली में
समता का विस्तार बराबर !

कुछ लोगों के छलबल का फल
विषम विकल संसार सरासर !

इसे बनाना ही होगा अब
इक वैश्विक परिवार बराबर !

जरारोगपीड़ित अशक्त जन
मिले सभी को प्यार बराबर!

काफिर, मोमिन, आस्तिक, नास्तिक
सब के हों अधिकार बराबर !

सबके लिए बने यह पृथ्वी
सुख सुविधा आगार बराबर!