भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

एक लंबी देह वाला दिन / तारादत्त निर्विरोध

Kavita Kosh से
सम्यक (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:12, 23 मई 2009 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

थक गया हर शब्द

अपनी यात्रा में,

आंकड़ों को जोड़ता दिन

दफ्तरों तक रह गया।


मन किसी अंधे कुएं में

खोजने को जल

कागज़ों में फिर गया दब,

कलम का सूरज

जला दिन भर

मगर है डूबने को अब।

एक क्षण कोई

प्रबोली सांझ के

कान में यह बात आकर

कह गया,

एक पूरा दिन,

दफ्तरों तक रह गया।


सुख नहीं लौटा

अभी तक काम से,

त्रासदी की देख गतिविधियां

बहुत चिढ़ है आदमी को

आदमी के नाम से।

एक उजली आस्था का भ्रम

फिर किसी दीवार जैसा ढह गया,

एक लंबी देह वाला दिन

दफ्तरों तक रह गया।