भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"एक अँजुरी धूप / यतींद्रनाथ राही" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=यतींद्रनाथ राही |अनुवादक= |संग्रह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
(कोई अंतर नहीं)

22:34, 11 अक्टूबर 2017 का अवतरण

एक अँजुरी धूप आँगन
भर गया उल्लास
एक पँखुरी मुस्कराई
लिख गयी मधुमास।

लहर मचली
ज्वार उमड़े
एक आहट पाँव
चाँदनी में घुल गयी वह
एक क्शण की छाँव
एक पल की बात गूँगी
कल्पशत आभास।

एक क्शण
स्पर्श कोमल
बज उठे तन-तन्त्र
एक स्वर वंशी निनादित
सोम का अभिमन्त्र
एक झुकते पलक
सिमटे
आक्षितिज आकाश।

एक शब्दातीत विस्मृति
पलक भर संयोग
एक क्शण का डूबना
सौ जन्म का सुख-भोग
एक
अमृत बूँद पावन
मुक्ति का विश्वास।